सागर, जीशान खान। सागर नगर निगम की वित्तीय स्थिति एवं कर्मचारियों के लंबित वेतन के मुद्दे को लेकर सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंत्रालय में सौजन्य भेंट कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी भी मौजूद रहे। विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि शासन स्तर पर विभिन्न मदों में हो रही वित्तीय कटौती के कारण नगर निगम की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है, जिससे नियमित कार्यों के संचालन के साथ-साथ कर्मचारियों के वेतन भुगतान में भी कठिनाइयां आ रही हैं।


विधायक शैलेंद्र जैन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि नगर निगम की वित्तीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कटौतियों पर पुनर्विचार किया जाए अथवा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए विशेष अनुदान स्वीकृत किया जाए, ताकि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके और नगर निगम के विकास एवं जनहित के कार्य बिना किसी बाधा के संचालित होते रहें।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक द्वारा उठाए गए विषय को गंभीरता से सुनते हुए कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले का परीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से नगर निगम की वित्तीय स्थिति में सुधार होगा और कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।