लमती घाटी में बड़ा हादसा, ईंट से भरा ट्रक पलटा — एक की मौत, 6 घायल

Advertisement
हटा, सुदीप नगरिया। मड़ियादो थाना क्षेत्र अंतर्गत लमती घाटी मोड़ पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ईंटों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और खाई में गिर गया, जिससे ट्रक में सवार चालक, परिचालक और मजदूर समेत कुल सात लोग उसके नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही मड़ियादो थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को बाहर निकाला। हादसे में कमला आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में चेतराम आदिवासी, रामकरण निषाद, भगवानदास आदिवासी, मूलचंद आदिवासी, पन्नालाल आदिवासी और पप्पू आदिवासी शामिल हैं। सभी घायल मड़देवरा निवासी बताए जा रहे हैं, जो थाना बक्सवाहा, जिला छतरपुर के रहने वाले हैं। घायलों को उपचार के लिए मड़ियादो स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक बक्सवाहा क्षेत्र से ईंटें भरकर कलकुआ की ओर जा रहा था। लमती घाटी के मोड़ पर स्टेयरिंग फेल होने के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
