छतरपुर,संदीप यादव। नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दोनी निवासी 71 वर्षीय टरिया कुशवाहा की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वृद्ध गुरूवार सुबह करीब 5 बजे अपने घर की दुगई में सो रहे थे, तभी उन्हें एक जहरीले सांप ने काट लिया। होश आने पर उन्होंने स्वयं परिजनों को सांप के काटने की जानकारी दी।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने ग्राम सिमरदा ले गए। वहां झाड़-फूंक कराई गई, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल छतरपुर लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर राजकुमार अवस्थी ने जांच के बाद वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




