सतना, अंबिका केशरी। जिले के जसो थाना क्षेत्र के अमकुई गांव में 21 वर्षीय कियोस्क संचालक अतुल कुशवाहा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक अतुल की हत्या उसके दोस्त सुधीर उर्फ श्यामू नामदेव ने पुराने विवाद की रंजिश के चलते की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उसकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और 12 हजार रुपये से अधिक की नकदी भी बरामद की गई है
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अतुल और श्यामू के बीच जुलाई महीने में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पहले अक्सर साथ घूमते और उठते-बैठते थे। विवाद के बाद श्यामू ने मन में रंजिश पाल ली, लेकिन अतुल से दोस्ती खत्म करने के बजाय उसने झगड़ा भूल जाने का दिखावा किया और उसके साथ आना-जाना जारी रखा।
पुलिस के अनुसार 1 अगस्त की रात अतुल अपना कियोस्क सेंटर बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान श्यामू उसे फुल्की खिलाने के बहाने भठिया की तरफ ले गया। सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर तार से अतुल का गला घोंटा और फिर सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अतुल की जेब से नकदी और मोबाइल निकाल लिया तथा शव को घसीटकर झाड़ियों में छिपा दिया।
अतुल के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने उसी रात थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराने का प्रयास किया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की और अगले दिन गुमशुदगी दर्ज की गई। संदेह के आधार पर श्यामू से पूछताछ भी की गई थी, लेकिन उसे छोड़ दिया गया था।
दो दिन बाद 4 अगस्त को अमकुई गांव में स्कूल के पीछे अतुल का रक्तरंजित शव मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। शव उठाने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना भी हुई। करीब पांच घंटे तक शव नहीं उठाने दिया गया और इसके बाद नागौद एसडीओपी कार्यालय का भी घेराव किया गया।
परिजनों का आरोप था कि हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं और मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। अधिकारियों की समझाइश के बाद 5 अगस्त को परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज रवाना हुए। वहीं पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपी सुधीर उर्फ श्यामू नामदेव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल तथा 12 हजार रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई। गुरुवार दोपहर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।




