मुंबई। अपने अनोखे स्लो-मोशन डांस स्टाइल से देशभर में मशहूर हुए अभिनेता और डांसर राघव जुयाल इन दिनों अभिनय की दुनिया में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन लोगों का जिक्र किया, जिन्होंने उनके सफर को आसान बनाया। इस दौरान उन्होंने मशहूर कोरियोग्राफर और जज गीता कपूर के प्रति अपना सम्मान जताया और बताया कि वह आज भी उन्हें अपनी गुरु मानते हैं।राघव ने खुलासा किया कि फिल्म 'किल' में खलनायक का किरदार निभाने जैसा बड़ा फैसला लेने से पहले उन्होंने सबसे पहले गीता कपूर से ही सलाह ली थी।
दरअसल, राघव जुयाल डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में अभिनेत्री निकी वालिया के साथ गेस्ट के तौर पर शामिल हुए थे। शो के दौरान जब उनके शुरुआती सफर की बात छिड़ी तो राघव इमोशनल हो गए और उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, ''गीता कपूर सिर्फ एक जज नहीं, बल्कि मेरी गुरु, कोच और मार्गदर्शक रही हैं। जब मैं डांस रियलिटी शो में हिस्सा ले रहा था, तब मेरा ज्यादातर समय गीता कपूर के स्टूडियो में ही बीतता था। वहां पूरी टीम साथ रहती थी और माहौल बेहद खुला, सकारात्मक और सीखने वाला होता था।''
राघव ने कहा, ''उसी माहौल ने मुझे न सिर्फ एक बेहतर डांसर बनाया, बल्कि एक अच्छा इंसान बनने की भी सीख दी। उन दिनों की यादें आज भी मेरे दिल के बेहद करीब हैं और वही अनुभव मेरे पूरे करियर की मजबूत नींव बने।''
बातचीत के दौरान राघव ने अपने अभिनय करियर का भी एक अहम किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा, ''जब मुझे फिल्म 'किल' के लिए ऑडिशन देने का मौका मिला, तब मैं इस बात को लेकर काफी असमंजस में था कि मुझे यह फिल्म करनी चाहिए या नहीं। इसकी वजह यह थी कि फिल्म में मुझे एक नकारात्मक किरदार निभाना था, जबकि लोग अब तक एक डांसर के रूप में मुझे जानते थे। ऐसे में मैं सबसे पहले अपना ऑडिशन लेकर गीता कपूर के घर पहुंचा। मैंने उन्हें पूरा ऑडिशन दिखाया और राय मांगी कि क्या मुझे यह चुनौती स्वीकार करनी चाहिए।''
राघव ने बताया, ''मैंने गीता कपूर से कहा था कि यह एक नेगेटिव रोल है और मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि इसे स्वीकार करूं या नहीं। मेरे मन में यह डर भी था कि कहीं दर्शक मुझे इस नए अंदाज में स्वीकार न करें। हालांकि, उनके समझाने के बाद मैंने तय किया कि मुझे अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर यह चुनौती जरूर स्वीकार करनी चाहिए। मेरे अभिनय करियर की असली शुरुआत वहीं से हुई और 'किल' मेरे लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। इस फिल्म ने लोगों को मेरा बिल्कुल नया रूप देखने का मौका दिया और एक अभिनेता के तौर पर नई पहचान बनाई।''
राघव की बातें सुनकर गीता कपूर भी इमोशनल हो गईं। उन्होंने कहा, ''मुझे आज भी याद है, जब राघव मेरे पास आए थे और पूछा था कि क्या मुझे यह नेगेटिव रोल करना चाहिए, तो मैंने कहा था कि आप बस अपनी मेहनत और लगन पर भरोसा रखो। आज राघव अभिनय की दुनिया में शानदार काम कर रहे हैं, लेकिन मुझे अब भी उनके डांस की कमी महसूस होती है। उनमें एक अलग तरह की ऊर्जा है, जो दर्शकों को हमेशा अपनी ओर खींचती है।




