नई दिल्ली। खजुराहो से सांसद और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त (वी.डी.) शर्मा ने देश की राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री को भेंट किया पवित्र प्रसाद
इस विशेष मुलाकात के दौरान सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पन्ना के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक मंदिर भगवान श्री जुगल किशोर जी का पवित्र प्रसाद भेंट किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को क्षेत्र की जनता की ओर से शुभकामनाएं और भगवान जुगल किशोर जी का आशीर्वाद संप्रेषित किया।
क्षेत्रीय विकास और जन-आकांक्षाओं पर चर्चा
बैठक के दौरान खजुराहो संसदीय क्षेत्र और बुंदेलखंड अंचल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं तथा जनहित की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। सांसद शर्मा ने क्षेत्र के विकास के लिए प्रधानमंत्री के निरंतर मिल रहे मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।




