पन्ना। जिले के गुनौर विकासखंड अंतर्गत जनशिक्षा केंद्र श्यामरडाडा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय सरहंजा में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। विद्यालय परिसर में वर्षों पुराना एक विशाल महुआ का पेड़ अचानक भरभराकर शौचालय भवन पर गिर पड़ा। पेड़ के गिरने से शौचालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय शौचालय के आसपास कोई छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
पेड़ गिरने से शौचालय की दीवार और छत को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि यदि यह घटना स्कूल समय में बच्चों की मौजूदगी के दौरान होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय परिसर में अभी भी कई पुराने और जर्जर पेड़ खड़े हैं। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच इन पेड़ों के गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा खतरे में है।
घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग एवं स्थानीय प्रशासन से विद्यालय परिसर का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सभी खतरनाक और सूखे पेड़ों की जल्द कटाई-छंटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जर्जर पेड़ों को नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।




