रॉटरडैम। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को हॉकी क्लब रॉटरडैम में एफआईएच प्रो लीग रॉटरडैम लेग के अपने आखिरी मैच में नीदरलैंड को 3-2 से हरा दिया।

भारत की तरफ से जुगराज सिंह (18’), अभिषेक (27’), और राजिंदर सिंह (56’) ने गोल किए, जिसकी मदद से टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ लेग की अपनी दूसरी जीत हासिल की। ​कार्यवाहक कप्तान हार्दिक सिंह को उनकी शानदार कप्तानी और मिडफील्ड में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

नीदरलैंड ने पहले क्वार्टर में शानदार शुरुआत की, जबकि भारतीय टीम की शुरुआत साधारण रही थी। नीदरलैंड ने शुरुआत में अपने आक्रामक खेल से भारतीय खिलाड़ियों पर दबाव डाला। हालांकि, भारतीय डिफेंडर जल्द ही अपनी लय में आ गए और नीदरलैंड के आक्रमण को थामने में सफलता पाई। पहले क्वार्टर में एक भी गोल नहीं हुआ।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने तेजी बढ़ाई। जुगराज सिंह (18’) ने डच गोलकीपर डर्क मेयेर के बाईं ओर एक जोरदार ड्रैग-फ्लिक मारकर पहला गोल किया और स्कोर 1-0 कर दिया। नीदरलैंड की तरफ से पेपिजन वैन डेर हाइज्डन (19’) ने पेनल्टी कॉर्नर गोल से जवाबी कार्रवाई की और स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। नीदरलैंड ने आक्रामक हमले किए लेकिन भारतीय गोलकीपर ने उनके सारे प्रयास असफल कर दिए।

जरमनप्रीत सिंह ने 27वें मिनट में, अभिषेक के लिए एक शानदार पास दिया, जिसने बैकहैंड शॉट को नेट में मारकर हाफटाइम से पहले भारत की बढ़त 2-1 कर दी।

दूसरे हाफ में, भारत ने अच्छी पासिंग के जरिए मैच को नियंत्रित करने की कोशिश की। नीदरलैंड को 41वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अमित रोहिदास ने वैन डेर हाइज्डन के शॉट को डिफ्लेक्ट कर दिया। मेजबान टीम के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर का मौका स्टॉपर की गलती के कारण बर्बाद हो गया, जिससे शांत भारतीय टीम तीसरे क्वार्टर के आखिर में अपनी 2-1 की बढ़त बनाए रखने में कामयाब रही।

आखिरी क्वार्टर भारत की तरफ से 56वें ​​मिनट राजिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग-फ्लिक करके गोल मारा और टीम को 3-1 से आगे कर दिया। नीदरलैंड ने 58वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर जीते, लेकिन भारतीय पेनल्टी कॉर्नर डिफेंस ने उन सभी को रोक दिया। नीदरलैंड की तरफ से 59वें मिनट में कोएन बिजेन (59’) के एक पेनल्टी कॉर्नर वेरिएशन से गोल करके स्कोर 3-2 कर दिया। भारतीय टीम अंत में 3-2 से विजेता रही।