रामपुर बघेलान में बस और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत, आधा दर्जन बाराती घायल

Advertisement
रामपुर,नरेंद्र । थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम महुडर मोड़ के पास शुक्रवार को बारातियों से भरी एक बस और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस ग्राम ककलपुर से बारातियों को लेकर ग्राम ऐरा लौट रही थी। इसी दौरान बस चालक पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद कथित रूप से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से हाईवे पर आ गया। तभी सामने से आ रहे ट्रेलर वाहन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बस चालक की लापरवाही सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।
