वॉशिंगटन, 2 जून । अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो मंगलवार को हाउस की उपसम‍ित‍ि में सांसदों के सामने वेनेजुएला के नेता निकोलास मादुरो को सत्ता से हटाने के कदम को ट्रंप प्रशासन की सबसे बड़ी विदेश नीति उपलब्धियों के रूप में रखेंगे। यह जानकारी आईएएनएस ने रुबियो के तैयार भाषण के हवाले से दी।

यह बयान प्रतिनिधि सभा की एक उपसमिति (हाउस एप्रोप्रिएशंस सबकमेटी ऑन नेशनल सिक्योरिटी, डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट एंड रिलेटेड प्रोग्राम्स) के सामने दिया जाना है। इसमें लैटिन अमेरिका और वेनेजुएला को लेकर अमेरिका की रणनीति का अब तक का सबसे विस्तार से बताया गया खाका भी शामिल है।

रुबियो यह तर्क देने की योजना बना रहे हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा सत्ता में आने के बाद अमेरिका की वेस्टर्न हेमिस्फेयर नीति में बड़ा बदलाव आया है। प्रशासन ने इस क्षेत्र में संगठित अपराध, अवैध प्रवासन और उन सरकारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं, जिन्हें वह अमेरिका के लिए खतरा मानता है।

रुबियो के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने हमारे क्षेत्र (हेमिस्फेयर) पर फिर से नियंत्रण हासिल कर लिया है। बहुत लंबे समय से हमारे अपने इलाके में दुश्मन शासन, ड्रग कार्टेल, अपराधी गिरोह और विदेशी ताकतें खुलकर काम कर रही थीं।

प्रशासन ने एमएस-13 और ट्रेन डे अरागुआ जैसे आपराधिक संगठनों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की है। उन्होंने इन्हें आतंकवादी संगठन बताया और कहा कि अमेरिका ने इनके खिलाफ लड़ने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बनाया है।

रुबियो ने दावा क‍िया कि ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सीधी कार्रवाई की गई है। नशे की तस्करी करने वाली नावें जब हमारे देश में जहर लेकर आ रही थीं, तो उन्हें सिर्फ चेतावनी भरे पत्र नहीं मिले, बल्कि अमेरिका की पूरी सैन्य ताकत का सामना करना पड़ा।

रुबियो के भाषण का सबसे अहम हिस्सा वेनेजुएला पर रहने वाला है। उनके अनुसार, कराकास में बैठे एक अमेरिका-विरोधी तानाशाह को अमेर‍िका न्याय के कटघरे में लाया और मादुरो के खिलाफ सैन्य इतिहास की सबसे सटीक और प्रभावशाली कार्रवाई की। अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज ने एक महाद्वीप पार किया, क्षेत्र के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले राजधानी शहर में घुसपैठ की, शासन की सैन्य व्यवस्था को खत्म किया और कुछ ही घंटों में निकोलस मादुरो को सत्ता से हटा दिया।

यह बयान मादुरो की सरकार को सिर्फ एक तानाशाही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए सुरक्षा खतरे के रूप में पेश करता है।

तैयार भाषण के अनुसार, अमेरिका ने व्यापार, वित्तीय दबाव और कूटनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करके मध्य और दक्षिण अमेरिका के देशों को अपने सुरक्षा और प्रवासन संबंधी लक्ष्यों के साथ जोड़ने की कोशिश की है।

यह सुनवाई ऐसे समय हो रही है जब ट्रंप प्रशासन अपनी विदेश नीति बजट के लिए कांग्रेस से समर्थन मांग रहा है और लैटिन अमेरिका में अपनी नीतियों का बचाव कर रहा है। यह क्षेत्र अमेरिका के लिए इसलिए भी अहम रहा है क्योंकि वह अवैध प्रवासन रोकने, अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क को तोड़ने और अमेरिका के विरोधी माने जाने वाले देशों के प्रभाव को कम करने की कोशिश कर रहा है।