भोपाल, सुबोध त्रिपाठी। बुंदेलखंड क्षेत्र के रेल यात्रियों और खासकर बेंगलुरु (यशवंतपुर) जाने वाले लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए प्रयागराज – यशवंतपुर – प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (04149/04150) चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन छतरपुर (MCSC), खजुराहो, टीकमगढ़ और ललितपुर समेत बुंदेलखंड के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे क्षेत्र के लोगों के लिए बेंगलुरु की राह बेहद आसान हो जाएगी।
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 8-8 फेरे लगाएगी और पूरी तरह इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होगी।
ट्रेन की समय-सारणी और रूट
1. प्रयागराज से यशवंतपुर (ट्रेन संख्या 04149) यह ट्रेन 5 अगस्त 2026 से 23 सितंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को प्रयागराज से शाम 18:00 बजे रवाना होगी। बुंदेलखंड के प्रमुख स्टेशनों पर इसका समय इस प्रकार रहेगा:
- खजुराहो: गुरुवार रात 01:40 बजे आगमन, 02:10 बजे प्रस्थान
- छतरपुर (MCSC): गुरुवार रात 03:08 बजे आगमन, 03:10 बजे प्रस्थान
- टीकमगढ़: गुरुवार सुबह 04:20 बजे आगमन, 04:22 बजे प्रस्थान
- ललितपुर: गुरुवार सुबह 05:28 बजे आगमन, 05:30 बजे प्रस्थान इसके बाद यह ट्रेन बीना, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, नागपुर, सिकंदराबाद और अनंतपुर होते हुए शुक्रवार रात 09:00 बजे यशवंतपुर (बेंगलुरु) पहुंचेगी। प्रयागराज से यशवंतपुर तक की 2336 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन 51 घंटे में तय करेगी।
2. यशवंतपुर से प्रयागराज (ट्रेन संख्या 04150) वापसी में यह ट्रेन 8 अगस्त 2026 से 26 सितंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को यशवंतपुर से सुबह 07:00 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी में बुंदेलखंड के स्टेशनों पर इसका समय इस प्रकार रहेगा:
- ललितपुर: रविवार शाम 18:18 बजे
- टीकमगढ़: रविवार रात 19:10 बजे
- छतरपुर (MCSC): रविवार रात 20:30 बजे आगमन, 20:32 बजे प्रस्थान
- खजुराहो: रविवार रात 21:20 बजे आगमन, 21:50 बजे प्रस्थान यह ट्रेन सोमवार सुबह 06:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। वापसी में यह सफर 47 घंटे 30 मिनट में पूरा होगा।
इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 23 कोच (ICF) शामिल किए गए हैं, जिनका विवरण इस प्रकार है:
- AC Two Tier (ACCW): 01 कोच
- AC Three Tier (ACCN): 02 कोच
- Sleeper Class (GSCN): 11 कोच
- General Class (GS): 07 कोच
- SLR/D: 02 कोच
इन प्रमुख स्टेशनों पर भी होगा ठहराव
प्रयागराज और यशवंतपुर के बीच यह ट्रेन शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, खजुराहो, दरियागंज, छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, बेलमपल्ली, मंचिरियाल, काजीपेट, सिकंदराबाद, लिंगमपल्ली, विकाराबाद, तांडूर, यादगीर, कृष्णा, रायचूर, गुंतकल, अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर और यलहंका स्टेशनों पर रुकेगी। बेंगलुरु में काम करने वाले या शिक्षा ले रहे बुंदेलखंड के लोगों के लिए त्योहारों और छुट्टियों के इस मौसम में यह ट्रेन एक बेहतरीन सौगात साबित होगी। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या काउंटर से इसके लिए अपनी टिकट बुक कर सकते हैं।






