मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। मैहर जिले के देवी जी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एल एंड टी कंपनी के गार्ड रूम में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान जतिन कुशवाहा (20) पिता तुलसीदास कुशवाहा निवासी ग्राम बरही ओइला के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार जतिन कुशवाहा फिल्टर प्लांट में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। रविवार शाम करीब 7 बजे गार्ड रूम के अंदर उसका शव संदिग्ध अवस्था में फांसी पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
वहीं मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि जतिन की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया, जिसके चलते अस्पताल और थाना परिसर में देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
मृतक के परिजन कंपनी प्रबंधन से 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल और थाने पहुंच गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों के बीच समझाइश का दौर जारी है।


