भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच प्रस्तावित केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह परियोजना किसानों के साथ अन्याय का प्रतीक बन गई है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां गेहूं की खरीदी सही तरीके से नहीं हो पा रही है, वहीं दूसरी ओर केन-बेतवा परियोजना के तहत विस्थापित किसानों को उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा।


मनोज यादव ने आरोप लगाया कि कई प्रभावित परिवारों को उनके घरों के बदले मात्र 25 हजार रुपये तक की राशि दी जा रही है, जो पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन और मकान की वास्तविक कीमत के अनुसार मुआवजा मिलना चाहिए। सपा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।


सपा नेताओं का कहना है कि यह परियोजना विकास के नाम पर किसानों को उजाड़ने का काम कर रही है, जिसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी तरीके से मुआवजा वितरण किया जाए और खरीदी व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए।