पन्ना। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नगर के रानीगंज मोहल्ला निवासी 65 वर्षीय बड्डे यादव का शव बुधवार को लोकपाल सागर से बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि भैंसों की तलाश के दौरान वे तेज बहाव वाले नाले की चपेट में आ गए और बहकर लोकपाल सागर पहुंच गए।

परिजनों के अनुसार, बड्डे यादव 7 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे घर से भैंसों की तलाश में निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण लोकपाल सागर के ऊपर स्थित नाले में पानी का बहाव अत्यधिक तेज था। प्रारंभिक आशंका है कि भैंसों की खोज के दौरान बड्डे यादव नाले को पार करते समय बहाव की चपेट में आ गए और पानी के साथ बहकर लोकपाल सागर में पहुंच गए।

लापता होने के अगले दिन बुधवार को लोकपाल सागर में शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे तेज बहाव के कारण हुई दुर्घटना माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।