छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित विपक्षी सांसदों की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार रात छिंदवाड़ा के फव्वारा चौक पर कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों और महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाना उचित नहीं है और विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।
महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में प्रदर्शन में भाग लिया और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को देखते हुए फव्वारा चौक पर पुलिस बल तैनात रहा तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
बाद में दिल्ली में राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं की रिहाई की जानकारी मिलने पर कांग्रेस ने छिंदवाड़ा में जारी धरना समाप्त कर दिया। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और विपक्ष के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।




