छतरपुर, शिवम सोनी। जिले में नीट की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई। परीक्षा को पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। स्वयं कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी रजत सकलेचा की निगरानी में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए। कलेक्टर ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


जिले में बनाए गए कुल 5 केंद्र


कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि नीट परीक्षा के लिए छतरपुर जिले में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 4 केंद्र छतरपुर शहर में और 1 केंद्र नौगांव में स्थापित किया गया है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त और पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।


प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि परीक्षा देने आए छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों के अभिभावकों के बैठने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए भी उचित दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, जिससे केंद्रों पर व्यवस्था सुचारू बनी रही।