सुप्रीम कोर्ट के ओबीसी फैसले पर क्या बोले सीएम मोहन यादव...?

Advertisement
भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुप्रीम कोर्ट के ओबीसी से जुड़े फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले ओबीसी जनगणना का विरोध किया था और अब जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऊंचे और नीचे वर्गों के बीच विभाजन की राजनीति करती है तथा सामाजिक संघर्ष को बढ़ावा देती है।
उन्होंने कांग्रेस नेता फूल सिंह बरैया के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी भाषा पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती। सीएम ने यह भी कहा कि राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस न तो समाज के साथ रही और न ही भगवान राम के पक्ष में, बल्कि केवल अपने स्वार्थ के लिए राजनीति करती रही।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में भू-अधिकार पट्टों के वितरण को सरकार का बड़ा निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को पट्टे दिए गए हैं, उनकी रजिस्ट्री पंजीयन विभाग में कराई जाएगी और इसके लिए लगभग साढ़े तीन हजार करोड़ रुपए की राशि सरकार द्वारा वहन की जाएगी। रजिस्ट्री होने के बाद किसान इन दस्तावेजों के आधार पर बैंक से ऋण ले सकेंगे या अन्य आवश्यक कार्यों में इसका उपयोग कर सकेंगे।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि यह निर्णय गरीब और किसान वर्ग के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और विकास की दृष्टि से सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।
