उज्जैन, अशोक दायमा। उज्जैन जिले के महिदपुर तहसील अंतर्गत झारड़ा थाना क्षेत्र में जमीन और पैतृक संपत्ति के विवाद ने मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना का रूप ले लिया। संपत्ति में अपने और बच्चों के हिस्से की मांग करने पर एक 40 वर्षीय महिला के साथ उसके ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि महिला के बाल काट दिए गए, उसकी लज्जा भंग की गई, जूतों की माला पहनाई गई और अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीड़िता पिछले तीन-चार वर्षों से अपने दो बच्चों के साथ ससुराल से अलग रह रही थी। हाल ही में वह अपने बच्चों के अधिकार और पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांगने ससुराल पहुंची थी। इसी बात से नाराज होकर उसके पति, ससुर और अन्य परिजनों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की, बाल काटे, जूतों की माला पहनाई और गांव में घुमाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।
घटना की सूचना डायल-112 पर मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला का सुरक्षित रेस्क्यू किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति, ससुर सहित 11 नामजद आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के माध्यम से कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही पैतृक संपत्ति में उसके अधिकार सुनिश्चित कराने सहित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और सभी के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

