भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल का कांग्रेस पर हमला

Advertisement
भोपाल। भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने ओबीसी आरक्षण और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में ओबीसी आरक्षण को लेकर न तो सही आंकड़े प्रस्तुत किए गए और न ही इस मुद्दे पर मजबूती से पैरवी की गई। अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार ओबीसी वर्ग को उनका हक और आरक्षण दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रही है।
जीतू पटवारी द्वारा मंत्रियों के इस्तीफे की मांग पर पलटवार करते हुए आशीष अग्रवाल ने कहा कि सुर्खियां बटोरने के लिए कैमरे के सामने बोलना आसान है। उन्होंने पटवारी को अपनी ही पार्टी के भीतर चल रहे असंतोष और वरिष्ठ नेताओं की शिकायतों पर ध्यान देने की सलाह दी।
आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस संगठन की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि छिंदवाड़ा और राजगढ़ जैसे जिलों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की संख्या काफी कम रह गई है। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के फैसलों को लेकर कहा कि उनकी नीतियां जमीन पर कितनी कारगर साबित होंगी, यह समय ही बताएगा। कांग्रेस को बाहरी फैसलों से ज्यादा अपनी गुटबाजी और नेतृत्व की कमी को दूर करने पर ध्यान देना चाहिए।
कांग्रेस की मीडिया टीम पर टिप्पणी करते हुए भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी मौजूदा मीडिया टीम को भंग कर ‘टैलेंट हंट’ के जरिए नए लोगों को लाने की योजना बनाई है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जो लोग वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे थे, उन्हें हटाना उनके परिश्रम का अनादर है।
