भोपाल, जीतेन्द्र यादव। उज्जैन की जमीन और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का निशाना हमेशा से सनातन पर रहा है और वह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जो जानकारी दी गई थी, उससे उज्जैन में एक इंच भी अतिरिक्त जमीन नहीं बढ़ी है। कांग्रेस तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत कर रही है और लोगों में भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि उज्जैन हिंदुओं का प्रमुख धार्मिक क्षेत्र है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसके विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। आगामी महाकुंभ को लेकर व्यापक तैयारियां चल रही हैं, जिससे धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि महाकुंभ की तैयारियों और उज्जैन के विकास कार्यों से कांग्रेस परेशान है। उन्होंने कहा कि जब मुस्लिम समुदाय के धार्मिक आयोजनों पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं तब कांग्रेस को कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन महाकुंभ की तैयारियों को लेकर वह सवाल खड़े कर रही है।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों पर राजनीति करने के बजाय विकास कार्यों में सहयोग करना चाहिए।

