सागर, जीशान खान। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में देर रात इलाज के दौरान हुए विवाद ने शुक्रवार सुबह बड़ा रूप ले लिया। महिला डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता पर कथित अभद्रता, बैड टच और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मामले में गोपालगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव सहित दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब दो बजे एक महिला मरीज को इलाज के लिए बीएमसी लाया गया था। आरोप है कि मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही इलाज को लेकर मेडिकल स्टाफ पर लगातार फोन किए जा रहे थे। इलाज के दौरान मरीज के साथ आए लोगों और अस्पताल कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। महिला डॉक्टरों और नर्सिंग कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। एक महिला कर्मचारी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके साथ अनुचित तरीके से स्पर्श किया गया और विरोध करने पर अस्पताल के बाहर गोली मारने की धमकी दी गई।
घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह जूनियर डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने काम का बहिष्कार कर अस्पताल के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि अस्पताल परिसर में ही महिला डॉक्टर और कर्मचारी सुरक्षित नहीं हैं तो बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना मुश्किल होगा। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा संबंधी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।
वहीं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वे केवल अपने गांव की महिला मरीज का हाल जानने और समय पर इलाज सुनिश्चित कराने अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने किसी भी प्रकार की अभद्रता से इनकार करते हुए पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज स्टाफ की शिकायत पर गोपालगंज थाना पुलिस ने अनिल श्रीवास्तव सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामला जांच के अधीन है। एक ओर महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ गंभीर आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आरोपी भाजपा नेता आरोपों से इनकार कर निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी है।

