मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा । जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देहात थाना क्षेत्र के ग्राम जरियारी के पास संचालित अवैध शराब दुकान पर संयुक्त छापेमार कार्रवाई की। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर सतना और मैहर की आबकारी टीम ने रविवार को दबिश दी, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान मामला दबाने के प्रयास और सिफारिशें भी सामने आईं, लेकिन आबकारी टीम ने सख्ती बरतते हुए कार्रवाई जारी रखी।


सहायक जिला आबकारी अधिकारी लोकेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में टीम ने जरियारी क्षेत्र से 72 लीटर बीयर और अंग्रेजी शराब जब्त की। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत साकेत (22), अमन पटेल (22), नवीन सेन (29) और राजेश पटेल (41) शामिल हैं, जो सभी नादन क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) और 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।


जांच के दौरान यह भी सामने आया कि नेशनल हाईवे किनारे टीनशेड लगाकर अवैध रूप से शराब दुकान संचालित की जा रही थी। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जमीन और अवैध निर्माण से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जाएगी।


इसी क्रम में आबकारी विभाग ने अमरपाटन में आबकारी नियंत्रण कक्ष के पीछे बस स्टैंड क्षेत्र में भी तीन स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की। यहां से करीब 20 लीटर अवैध शराब बरामद की गई और आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।


आबकारी विभाग के अनुसार पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आ सकते हैं। कार्रवाई में एसआई विजय सिंह, एसआई राकेश अवधिया, एसआई नीलेश गुप्ता सहित सतना और मैहर की संयुक्त टीम मौजूद रही।