आजमगढ़, 2 जून । यूपी एटीएस ने सोमवार को आजमगढ़ से एक आतंकी को गिरफ्तार किया। जिसको लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बयान सामने आया है।आईएएनएस से बात करते हुए राजभर ने कहा कि एटीएस ने देश और समाज के हित के लिए कार्रवाई की है। देश में कोई आतंकवादी गतिविधि न हो, इसके लिए एटीएस की कार्रवाई की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि दुख इस बात का है कि आतंकवादी आजमगढ़ से ही गिरफ्तार होता है; यहां ऐसे लोगों को पनाह मिलती है।

ओम प्रकाश राजभर ने आगे कहा कि आजमगढ़ को समाजवादी पार्टी का गढ़ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि इन लोगों को समाजवादी पार्टी का संरक्षण मिलता है क्या?

बता दें कि 1 जून को उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने आजमगढ़ से मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क और आईएसआई से जुड़े तत्वों के लिए काम करने का आरोप है।

एटीएस के अनुसार, पाकिस्तान स्थित हैंडलर सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय युवाओं को जोड़कर उन्हें धन और धार्मिक उकसावे के जरिए कट्टरपंथी बनाने तथा स्लीपर सेल के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आजमगढ़ का रहने वाला मोहम्मद शेख व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा हुआ था और उसकी विचारधारा से प्रभावित होकर जिहाद संबंधी बातें करता था। वह अन्य युवाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहा था।

एटीएस के मुताबिक, आरोपी को गैंग के हैंडलरों अजमल गुजर और रजा पाकिस्तानी द्वारा संचालित किया जा रहा था। उसे एक राजनीतिक दल की महिला नेता की हत्या करने के लिए प्रेरित किया गया था और बाद में किसी बड़े मिशन में शामिल करने का आश्वासन दिया गया था।

जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने इस योजना को अंजाम देने की तैयारी में 9 एमएम की एक पिस्टल और 4 कारतूस की व्यवस्था भी कर ली थी। गिरफ्तार आरोपी के पास से 1 पिस्टल (9 एमएम), 4 कारतूस (9 एमएम) और 1 मोबाइल फोन बरामद किया गया है।