छतरपुर, शिवम सोनी। ग्राम हिम्मतपुरा निवासी मुन्नी आदिवासी ने अपनी पैतृक कृषि भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर भूमि को कब्जामुक्त कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।


आवेदन के अनुसार, मौजा हिम्मतपुरा स्थित खसरा नंबर 698 की भूमि राजस्व अभिलेखों में उसके नाम दर्ज है तथा वर्षों से उसका उस पर कब्जा रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही देशराज अहिरवार और मोनी अहिरवार ने उक्त भूमि पर जबरन कब्जा कर लिया है। जब वह खेत में बुआई करने पहुंचता है तो उसे रोका जाता है, गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकी दी जाती है।


पीड़ित ने बताया कि इस मामले में तहसीलदार द्वारा 31 मई 2024 को भूमि के सीमांकन का आदेश भी जारी किया गया था, लेकिन आदेश के बाद भी कथित कब्जा नहीं हटाया गया। उसने यह भी कहा कि इस संबंध में पहले पुलिस चौकी पड़रिया और थाना सटई में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।


मुन्नी आदिवासी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने, भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।