मत्स्य समिति के तालाब पर दबंगई का आरोप

Advertisement
छतरपुर(शिवम सोनी)। बिजावर थाना क्षेत्र के ग्राम एरोरा में संचालित जटाशंकर हरिजन मत्स्य उद्योग समिति के तालाबों में अवैध रूप से मछली पकडऩे, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीडि़त छन्नूलाल अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार जटाशंकर हरिजन मत्स्य उद्योग समिति मर्यादित, एरोरा को शासन द्वारा वर्ष 1995 में पंजीयन क्रमांक 743 के तहत पठार तालाब और बक्सोई तालाब आवंटित किए गए थे, जहां समिति द्वारा विधिवत मत्स्य पालन किया जा रहा है। आरोप है कि 21 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे आशीष रैकवार अपने तीन अन्य साथियों के साथ तालाब पर पहुंचा और जबरन लगभग 30 क्विंटल मछली पकड़कर ले गया। विरोध करने पर आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मारपीट की, नाव छीन ली और कथित रूप से बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी।
पीडि़त का आरोप है कि आशीष रैकवार ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए वीडियो बनाया और स्वयं को राजनीतिक पद से जुड़ा बताते हुए धमकाया। मामले की शिकायत बिजावर थाने में की गई, बिजावर थाने में एससीएसटी सहित विभिन्न धाराओं में आशीष रैकवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है और न ही अन्य लोगों के नाम एफआईआर में जोड़े हंै। पीडि़त ने आशंका जताई है कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार आरोपी होंगे। एसपी से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और एफआईआर में सभी नाम जोडऩे की मांग की गई है।
