महाराजपुर,जाहिद। छतरपुर जिले के महाराजपुर-राजनगर सड़क मार्ग पर पुल निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, महाराजपुर-राजनगर सड़क को जोड़ने वाले पाये ग्राम के पास पुल निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण स्थल पर न तो कोई चेतावनी संकेत बोर्ड लगाया गया था और न ही बैरिकेडिंग या सुरक्षा दीवार बनाई गई थी।
शनिवार शाम 14 मार्च को इसी लापरवाही के चलते बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। हादसे में 22 वर्षीय हरेंद्र अनुरागी, निवासी गढ़ी मलहरा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सोम उर्फ टोमी अनुरागी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज ग्वालियर में जारी है।
मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर कोई भी चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण बाइक सीधे गहरी खाई में जा गिरी और यह हादसा हुआ।
घटना के बाद ठेकेदार ने आनन-फानन में मौके पर चेतावनी संकेत बोर्ड लगवा दिए। वहीं, परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस घटना ने निर्माण कार्यों में बरती जा रही लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।



