देवास,हेमंत गुर्जर। जिले के जिनवानी क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई के दौरान हुई मारपीट एक युवक की जान ले बैठी। पुलिस ने इस मामले में वन विभाग के कर्मचारियों सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।


जानकारी के अनुसार, घटना 13 जनवरी 2026 की है। लोहारदा गांव निवासी 22 वर्षीय युवक पिकअप वाहन लेकर सिंगोड़ी–कांटाफोड़ मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान वन विभाग की टीम ने वाहन को रोककर कार्रवाई की। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान युवक के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


घायल युवक का उपचार लगातार जारी रहा, लेकिन 12 फरवरी को सतवास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोगों ने घटना को छिपाने का प्रयास किया।


कांटाफोड़ थाना पुलिस ने वन विभाग के कर्मचारियों पर गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है, वहीं अन्य आरोपियों पर साक्ष्य छिपाने का आरोप भी लगाया गया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।