छतरपुर, संदीप यादव। मोहल्ले के कुछ युवकों द्वारा मृतक के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर मोबाइल फाइनेंस के जरिए लोन निकालने का मामला सामने आया है। इस घटना से परेशान होकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली।
मामला नट मोहल्ला वार्ड क्रमांक 1 का है, जहां 24 वर्षीय नवशाद उर्फ टीपू खान, पिता अफजल खान ने अपने घर के पीछे साइड पिलर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले के ही सलमान सहित कुछ लोगों ने नवशाद के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करते हुए मोबाइल फाइनेंस के जरिए लोन निकाल लिया था। इसी बात को लेकर युवक काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठा लिया।
"मोहल्ले के लोगों ने इसके कागज लगाकर लोन निकाल लिया था, उसी से ये बहुत परेशान था... फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और परिजनों के आरोपों के आधार पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं

