हटा,जिमी नगरिया। अनुविभाग के गैसाबाद थाना क्षेत्र में एक जंगली जानवर द्वारा घर में बंधी चार बकरियों का शिकार करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।



जानकारी के अनुसार गैसाबाद निवासी अनीश खान ने शनिवार रात अपनी राजस्थानी नस्ल की चार बकरियों को घर के एक कमरे में बांध दिया था। रविवार सुबह जब वह बकरियों को देखने पहुंचे तो सभी बकरियां मृत अवस्था में पड़ी मिलीं और उनके शरीर पर नोचने के निशान थे।


घटना की जानकारी मिलते ही बकरी मालिक ने तत्काल गैसाबाद थाना और वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने बकरियों के शव का परीक्षण किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


पीड़ित अनीश खान ने बताया कि वह इन राजस्थानी बकरियों का दूध बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अचानक हुए इस नुकसान से परिवार को आर्थिक झटका लगा है, इसलिए उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।



पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टर आत्मानंद मिश्र ने बताया कि गैसाबाद में चार बकरियों की मौत हुई है। प्रथम दृष्टया किसी जंगली जानवर द्वारा शिकार किए जाने की आशंका है। संभावना जताई जा रही है कि यह हमला लकड़बग्घे द्वारा किया गया हो सकता है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है।