सतना,अंबिका केशरी। सतना के आदर्श नगर स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहने वाले छात्र सोमवार देर रात अपनी समस्याएं लेकर कलेक्टर बंगले पहुंच गए। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास में उन्हें घटिया और गुणवत्ता रहित भोजन दिया जा रहा है, वहीं साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहद खराब है।
छात्रों ने बताया कि छात्रावास में शौचालय का टैंक खुला हुआ है और नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरे परिसर में बदबू फैली रहती है। इससे वहां रहना मुश्किल हो गया है। छात्रों का कहना है कि भोजन और अन्य समस्याओं को लेकर पहले भी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार सौरभ मिश्रा और कोतवाली टीआई रवींद्र द्विवेदी मौके पर पहुंचे और छात्रों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान तहसीलदार ने छात्रों द्वारा लाया गया भोजन भी जांचा।
तहसीलदार सौरभ मिश्रा ने छात्रों को आश्वासन दिया कि मंगलवार को वे स्वयं छात्रावास पहुंचकर हालात का निरीक्षण करेंगे और छात्रावास का रेंडम चेक भी किया जाएगा। गौरतलब है कि आदर्श नगर स्थित इस छात्रावास को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। पिछले साल भी यहां के छात्र दो बार देर रात अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर बंगले पहुंचे थे। उस समय प्रशासनिक टीम ने निरीक्षण कर रिपोर्ट कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस को सौंपी थी, जिसके बाद तत्कालीन अधीक्षक को हटा दिया गया था।
अब एक बार फिर आधी रात छात्रों का कलेक्टर बंगले पहुंचना छात्रावास की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। छात्रों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।


