भोपाल। देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों से आंधी, बारिश और ओलों का दौर जारी है। गुरुवार को प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में मौसम बदला रहा, वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार को ग्वालियर, जबलपुर सहित 34 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में भी शुक्रवार सुबह जयपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। राज्य के 17 से अधिक शहरों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी है। कई जगहों पर ओले गिरने से तापमान में गिरावट आई है और पारा 11 डिग्री तक लुढ़क गया।
बिहार के बेगूसराय में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 38 जिलों में बारिश की संभावना जताई है, वहीं 10 जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तराखंड में भी मौसम खराब बना हुआ है। चारधाम—यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ में पिछले चार दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 मार्च को यूपी और राजस्थान में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में भी आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

