चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। चंदला तहसील अंतर्गत ग्राम ग्वाला भाट में विकास कार्यों में लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में सरपंच द्वारा सीसी सड़क निर्माण तो कराया गया, लेकिन नाली निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण थोड़ी सी बारिश में ही पूरे गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए।


ग्रामीणों का कहना है कि बारिश का पानी निकासी न होने से दर्जनों घरों में घुस गया। इससे घरों में रखा अनाज, जरूरी दस्तावेज और अन्य कीमती सामान पानी में भीगकर खराब हो गया। लोगों को घंटों मशक्कत कर घरों से पानी बाहर निकालना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि मौसम के अचानक बदले मिजाज के चलते गांव में भारी ओलावृष्टि भी हुई, जिससे स्थिति और अधिक खराब हो गई।


गांववासियों का आरोप है कि यदि समय रहते नाली निर्माण कार्य पूरा कराया जाता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। ग्रामीणों ने सरपंच पर मनमानी और लापरवाही के आरोप लगाते हुए प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जबकि मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। अब सवाल यह उठ रहा है कि प्रशासन ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए कोई ठोस कदम उठाएगा या फिर ग्रामीणों को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।