मुंबई। मशहूर फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह ने अपनी नई फिल्म द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड की सफलता पर खुशी जताते हुए सीक्वल फिल्मों के बढ़ते ट्रेंड और उनकी सफलता के पीछे के कारणों पर खुलकर बात की है। बेबाक और असरदार कहानियों के लिए पहचान रखने वाले फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह एक बार फिर अपनी नई फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ को लेकर चर्चा में हैं। पहली फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद उन्होंने अपने बैनर ‘सनशाइन पिक्चर्स’ के तहत इस सीक्वल को प्रोड्यूस किया है, जिसे दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।
नेशनल अवॉर्ड विजेता डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी मजबूत पकड़ बनाई है। फिल्म की सफलता पर बात करते हुए विपुल अमृतलाल शाह ने कहा कि सीक्वल अब सिर्फ ट्रेंड नहीं, बल्कि दर्शकों और सिनेमा के बीच एक मजबूत रिश्ता बन चुका है। उन्होंने कहा कि 2026 की पहली तिमाही में ‘बॉर्डर 2’, ‘द केरल स्टोरी 2’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी फिल्मों ने यह साबित किया है कि अगर पहली फिल्म को दर्शकों का प्यार मिलता है, तो सीक्वल उस भरोसे को और आगे बढ़ाता है।
विपुल शाह ने फिल्म की सफलता को भावनात्मक बताते हुए कहा कि यह सिर्फ कमाई का मामला नहीं, बल्कि दर्शकों के भरोसे और फिल्म के मजबूत संदेश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्यार उन्हें बतौर फिल्ममेकर आगे बेहतर कहानियाँ बनाने की प्रेरणा देता है।
पहली फिल्म के असर के बाद ‘द केरल स्टोरी 2’ ने कहानी को और गहराई से पेश किया है, जो दर्शकों के बीच लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।

