छतरपुर संजय अवस्थी । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में आयोजित विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत छतरपुर में जिला स्तरीय सूर्य उपासना कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्मध्वज की स्थापना, सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाट्य प्रस्तुति और हिंदू नव वर्ष की शुभकामनाओं के साथ आयोजन संपन्न हुआ।



छतरपुर शहर के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ललिता यादव शामिल हुईं। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासनिक स्तर पर प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल और अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद संस्कृति विभाग और म.प्र. नाट्य विद्यालय भोपाल के कलाकारों द्वारा सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर ब्रह्मध्वज का पूजन किया गया और ‘भारत का नववर्ष विक्रम संवत’ पुस्तिका का वितरण अतिथियों एवं आमजन को किया गया।


विधायक ललिता यादव
विधायक ललिता यादव ने कहा कि हिंदू नव वर्ष का यह दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। पूरे मध्यप्रदेश में विक्रमोत्सव और सूर्य उपासना कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने चैत्र नवरात्रि और गुड़ी पड़वा की शुभकामनाएं देते हुए रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों और आमजन की सहभागिता रही, जिससे आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ