Friday, March 6, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशसतनाUPSC: मध्यप्रदेश की यह बेटी बनेगी प्रशासनिक अधिकारी, हासिल की यह रैंक...?

UPSC: मध्यप्रदेश की यह बेटी बनेगी प्रशासनिक अधिकारी, हासिल की यह रैंक...?

Post Media
News Logo
PeptechTime
6 मार्च 2026, 12:33 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

सतना,अंबिका केशरी। मध्य प्रदेश के सतना जिले की होनहार बेटी भूमिका जैन ने देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षाओं में से एक यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 331 हासिल की है। इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा सतना जिला और विंध्य क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है। जैसे ही उनके चयन की खबर सामने आई, परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाइयां देने वालों का तांता लग गया।


भूमिका शहर के कृष्णानगर क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके पिता मनोज जैन शहर में कपड़ा व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता सृष्टि जैन गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली भूमिका ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही रणनीति के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है जो सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखते हैं।


यह उनका तीसरा प्रयास था। उन्होंने लगभग तीन साल तक दिल्ली में रहकर पढ़ाई की। शुरुआत में तैयारी की दिशा समझने में समय लगा, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपनी रणनीति तय की और लगातार मेहनत की। पहले प्रयास में उन्होंने बेसिक समझ मजबूत करने के लिए कोचिंग ली, लेकिन बाद में कोचिंग छोड़कर पूरी तरह सेल्फ स्टडी पर ध्यान केंद्रित किया। उनका मानना है कि कोचिंग लेना या न लेना छात्र की जरूरत और परिस्थितियों पर निर्भर करता है। अगर स्पष्ट रणनीति और दृढ़ संकल्प हो तो घर से भी इस परीक्षा की तैयारी सफल हो सकती है।


भूमिका ने रोजाना 9 से 12 घंटे पढ़ाई की। उन्होंने ज्यादा किताबें पढ़ने के बजाय सीमित किताबों को बार-बार पढ़कर गहराई से समझना बेहतर माना। खुद नोट्स तैयार किए और उनका नियमित रिवीजन किया। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करना और मॉक टेस्ट देना उनकी तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिससे परीक्षा पैटर्न, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास बढ़ा।


सोशल मीडिया का स्मार्ट इस्तेमाल भी उनकी सफलता का एक हिस्सा रहा। वे सोशल मीडिया पर सीमित समय सक्रिय रहती थीं और मुख्य रूप से करंट अफेयर्स तथा जरूरी न्यूज अपडेट के लिए टेलीग्राम ग्रुप्स का उपयोग करती थीं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो पढ़ाई में मददगार साबित हो सकता है।


अपनी सफलता के बाद भूमिका ने युवाओं को संदेश दिया कि सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में धैर्य, निरंतरता और सही दिशा में मेहनत जरूरी है। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने खासकर उन युवाओं को प्रेरित किया जो नौकरी के साथ तैयारी करना चाहते हैं। सही टाइम मैनेजमेंट से नौकरी के साथ भी सफलता संभव है।


भूमिका ने इस ऐतिहासिक सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता और परिवार को दिया है। माता-पिता ने हमेशा उन्हें प्रेरित किया और मुश्किल समय में हौसला बढ़ाया।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)