सतना, अंबिका केशरी। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी अंचल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। परसमनिया चौकी क्षेत्र के बिचवा गांव में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बकरियों के झुंड में वाहन चढ़ा दिया, जिससे करीब एक दर्जन से अधिक बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना उस समय हुई जब बकरियों का झुंड गांव के पास सड़क किनारे चर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने अचानक झुंड में घुसते हुए कई बकरियों को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कई बकरियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परसमनिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृत और घायल बकरियों का पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी है। वहीं वाहन की पहचान और चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। बताया गया है कि मृत और घायल बकरियां गांव के पशुपालक बहोरी पाल, कमलेश पाल और विजय कोल की थीं। पुलिस मामले पर अंग्रिम कारवाही कर रही है।