बकस्वाहा(राजू दुबे)। क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो हाईवा ट्रकों को जब्त किया है। यह कार्रवाई सहायक खनिज अधिकारी के नेतृत्व में की गई, जिसमें बिना वैध अनुमति के गिट्टी का परिवहन करते हुए वाहनों को पकड़ा गया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस्कॉन प्राइवेट लिमिटेड के क्रेशर से जुड़े दो हाईवा ट्रक अवैध तरीके से गिट्टी का परिवहन कर रहे थे। सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और ट्रक नंबर एमपी 04 एचई 5782 तथा एमपी 04 एचई 5778 को पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहनों के पास परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद दोनों ट्रकों को तत्काल जब्त कर लिया गया।
सहायक खनिज अधिकारी ज्ञानेश्वर तिवारी ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में लिया। इसके बाद जब्त किए गए ट्रकों को बकस्वाहा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग द्वारा क्षेत्र में समय-समय पर अभियान चलाकर ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और नियमों के तहत संबंधितों पर दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

