छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। शहर में तेज हवाओं के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें एक मजदूर की जान चली गई। शनिचरा बाजार क्षेत्र में डॉक्टर बिंद्रा अस्पताल के पास बन रहे एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में तीसरी मंजिल पर रखी लगभग 5 हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकी अचानक नीचे गिर गई। टंकी की चपेट में आने से नीचे बैठे मजदूर आशीष यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पातालेश्वर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने शव को मौके पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और ठेकेदार बिंटू चटर्जी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। परिजनों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही कुंडीपुरा थाना और धर्मटेकड़ी चौक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

