सतना, अंबिका केशरी। बहुप्रतीक्षित ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के बीच सतना-पन्ना रेलखंड में पन्ना बॉर्डर तक ट्रेन पहुंची। नागौद से फुलवारी तक 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सीआरएस ट्रेन दौड़ी। इस दौरान मुम्बई के रेल संरक्षा आयुक्त गुरू प्रकाश ने टीम के साथ सुबह 8 से शाम 6 बजे तक नागौद स्टेशन के रिले रूम, रेलवे ट्रैक, क्रासिंग प्वाइंट, ब्रिज संरचना, गार्डर, बैलास्ट, स्लीपर, पटरियों के जोड़ों का और रेलवे फाटक, स्टेशन यार्ड का बारीकी से निरीक्षण किया और रेलवे सिग्नलिंग सिस्टम पुलियों की स्थिति का मूल्यांकन किया। नागौद से फुलवारी के बीच 15 किलोमीटर रेल सेक्शन में सीआरएस स्पेशल ट्रेन से 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल किया गया, जो सफल रहा। जल्द ही इस सेक्शन में गाडिय़ों को चलाने की हरी झंडी मिल जाएगी। सतना-पन्ना रेलखंड में कुल 72 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य होना है जिसमें से अब तक 45 किलोमीटर तक कार्य पूरा हो चुका है। अब फुलवारी से पन्ना के बीच 27 किलोमीटर के दो सेक्शन का कार्य शेष रह गया है, जो प्रगति पर है। रेल अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष के अंत तक यह कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है। सतना-पन्ना रेलखंड के बीच नागौद से फुलवारी स्टेशन के बीच 15 किलोमीटर रेल सेक्शन का सीआरएस गुरू प्रकाश के साथ के साथ डीआरएम कमल कुमार तलरेजा, कांस्ट्रक्शन विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जोन सिंह मीना, डीईएन मंटू सिंह, एडीई रशीद अहमद, एरिया मैनेजर नरेन्द्र सिंह अस्स्टिेंट कमांडेंट बीपी कुशवाहा मंडल और जोन के अधिकारियों भी रहे।