धार/गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा । जीराबाद-मागोद-मनावर मार्ग पर ग्राम झरण के समीप रविवार को हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार 12 वर्षीय बालिका रेशम गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में अंतर पिता लालसिंह, धुमसिंह पिता अंतरसिंह निवासी केशवी तथा भुरसिंह निवासी सालियामाल की मौत होने की जानकारी सामने आई है।


दुर्घटना के बाद जीराबाद पुलिस चौकी प्रभारी ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिस वाहन से घायल बालिका को तत्काल गंधवानी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एंबुलेंस से जिला अस्पताल धार रेफर कर दिया।


लगातार हादसों से ग्रामीणों में नाराजगी


ग्रामीणों के अनुसार, इसी मार्ग पर दो दिन पहले भी सड़क दुर्घटना हुई थी। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्राम पंचायत खेड़ी बलवारी के सरपंच पति इरभान किराड़े द्वारा दुर्घटना संभावित स्थान पर बार-बार गतिरोधक बनाए जाने की मांग शासन-प्रशासन से की जा रही है।


ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम अमझेरा में करीब 30 गतिरोधक बनाए गए हैं, जिससे हादसों में कमी आई है। इसी तरह जीराबाद-मागोद-मनावर मार्ग पर भी आवश्यक स्थानों पर गतिरोधक, संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से अंधे मोड़ों और तेज रफ्तार वाहनों को देखते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।