भोपाल। मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार से प्रदेश के उत्तर और दक्षिणी हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं।


मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम में यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टरबेंस और ट्रफ लाइन के प्रभाव से हो रहा है। 17 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में बादल और बारिश का दौर जारी रह सकता है।


16 मार्च को बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में बारिश के आसार हैं। वहीं 17 मार्च को सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में मौसम बिगड़ सकता है। 18 मार्च को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है।


मौसम में बदलाव से प्रदेश को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। शनिवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं खरगोन में 39.2 डिग्री तापमान रहा। भोपाल में 37.2, इंदौर में 36.6, उज्जैन में 36.5, ग्वालियर में 34.1 और जबलपुर में 37.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।


मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में हवा की दिशा बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है, जिससे रेगिस्तानी इलाकों की गर्म हवा प्रदेश में पहुंच रही है। इसके कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि आने वाले दिनों में आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट हो सकती है।


डॉक्टरों के अनुसार मार्च का मौसम स्वास्थ्य के लिहाज से संवेदनशील रहता है। दिन में तेज गर्मी और रात में हल्की ठंड के कारण सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अस्थमा के मरीज बढ़ सकते हैं। इसलिए सुबह और देर रात ठंडी हवा से बचने की सलाह दी गई है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।


मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस वर्ष अप्रैल और मई में प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ सकती है। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिल सकता है।