Tuesday, February 3, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशकटनीकटनी के तेवरी में प्राचीन मूर्तियां खंडित मिलने से उबाल, ग्रामीणों ने दिया अल्टीमेटम

कटनी के तेवरी में प्राचीन मूर्तियां खंडित मिलने से उबाल, ग्रामीणों ने दिया अल्टीमेटम

Post Media
News Logo
Peptech Time
1 फ़रवरी 2026, 06:46 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

कटनी, स्लीमनाबाद/तेवरी, प्रवीण तिवारी।

कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम तेवरी में स्थित 'सिद्ध बाबा स्थान' पर रविवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब ग्रामीणों ने मंदिर में माता पार्वती सहित अन्य प्राचीन मूर्तियों को खंडित अवस्था में पाया। आस्था के केंद्र पर हुए इस प्रहार की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों के साथ सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।


मंदिर परिसर में मिलीं शराब की बोतलें और मुर्गों के पंख

मौके पर पहुँचे ग्रामीणों और संगठन के सदस्यों ने मंदिर परिसर की स्थिति देख कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर की जमीन, जो सिद्ध महाराज आश्रम की है, उस पर नागनाथ समुदाय के लोगों ने अवैध रूप से झोपड़ियाँ (मढैया) बना रखी हैं। आरोप है कि यहाँ अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने और बेचने का काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। मंदिर परिसर में शराब की खाली बोतलें और मुर्गों के पंख बिखरे मिले, जिससे धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुँची है।


पुलिस और प्रशासन के पहुँचने से पहले भागे पुरुष

जैसे ही मंदिर में भीड़ जुटने और पुलिस को सूचना मिलने की खबर मिली, झोपड़ियों में रहने वाले पुरुष सदस्य मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि डेरे में केवल महिलाएँ ही मौजूद मिलीं। ग्रामीणों का कहना है कि पवित्र आश्रम की जमीन पर इस तरह की अनैतिक गतिविधियां लंबे समय से चल रही थीं, लेकिन मूर्तियों को खंडित किए जाने की घटना ने उनके धैर्य की सीमा पार कर दी है।


प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम

रविवार होने के कारण आज तहसील कार्यालय में औपचारिक शिकायत नहीं दी जा सकी है, लेकिन ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि सोमवार को तहसीलदार को लिखित में ज्ञापन सौंपा जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि 48 घंटे के भीतर इस अवैध अतिक्रमण और शराब की भट्टियों को नहीं हटाया गया, तो ग्रामीण स्वयं आगे बढ़कर जगह खाली कराएंगे।


शुद्धिकरण के लिए रामायण पाठ और भंडारा शुरू

अशांति और तनाव के बीच ग्रामीणों ने आस्था का मार्ग चुनते हुए मंदिर परिसर में तत्काल 'शुद्धिकरण' का कार्य प्रारंभ कर दिया है। मंदिर में रामायण पाठ शुरू कर दिया गया है और विशाल भंडारे की तैयारी भी की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल स्थिति पर नजर रखे हुए है, ताकि मामला और न बिगड़े।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)