छतरपुर,संजय अवस्थी। छतरपुर जिले में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। शहर के वार्ड नंबर 17 बुंदेला बब्बा कॉलोनी, फोर लाइन के पास किराए के मकान में रहने वाले हरनाम सिंह यादव के घर में अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाकर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया।


जानकारी के अनुसार हरनाम सिंह यादव 13 तारीख की शाम करीब 6 बजे अपनी पत्नी के इलाज के लिए ग्वालियर गए हुए थे। इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।बताया गया है कि चोर घर से 5 किलो चावल, 5 किलो मूंग, 5 किलो अरहर की दाल, 5 किलो रिफाइंड, 3 किलो निरमा, भरा हुआ गैस सिलेंडर, साइकिल, प्रेस (इस्त्री) और दो चश्मे सहित कई घरेलू सामान अपने साथ ले गए।


इतना ही नहीं, चोरों ने घर में रखे जेवरात और नकदी भी नहीं छोड़ी। जानकारी के मुताबिक पायल, करीब 10 तोला अठन्नी, मंगलसूत्र, चुन्नी, अंगूठी सहित लगभग 30 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए।घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित हरनाम सिंह यादव ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि अब तक पुलिस द्वारा इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।


पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।