पन्ना, जीतेन्द्र रजक । मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के कल्दा पठार क्षेत्र में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए शहीद श्रीनिवास सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुँचा। सागर की 10वीं बटालियन (SF) में पदस्थ 59 वर्षीय श्रीनिवास सिंह पश्चिम बंगाल में चुनावी ड्यूटी पर तैनात थे, जहां अचानक बीमारी के चलते उनका निधन हो गया।
2 मई को जैसे ही तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर विशेष वाहन से गांव पहुँचा, पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद श्रीनिवास अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। हजारों की संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
प्रशासन की ओर से शहीद को पूर्ण राजकीय सम्मान दिया गया। पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर और गन सैल्यूट देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। इस दौरान उपस्थित हर व्यक्ति भावुक नजर आया।
शहीद की इस बलिदान गाथा से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों को अपने माटी के लाल की कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति पर गर्व भी है।

