दमोह/मड़ियादो, राजकुमार पाठक। दमोह जिले के मड़ियादो अंतर्गत पटेली मोहल्ले में पक्की सीसी सड़क के अभाव में स्कूली बच्चों और आम नागरिकों का आवागमन दूभर हो गया है। बारिश के मौसम में मुख्य मार्ग, स्कूल एवं बाजार परिसर को जोड़ने वाला रास्ता गहरे कीचड़ और दलदल में तब्दील हो चुका है, जिसके चलते छात्र-छात्राओं को आए दिन स्कूल जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है या फिर कीचड़ के डर से पढ़ाई से वंचित रहना पड़ रहा है।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की लगातार अनदेखी से परेशान होकर अंततः स्कूली बच्चों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। छात्र-छात्राओं ने हाथों में मांगों की तख्तियां और पोस्टर लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और अपने मासूम सुरों में नारेबाजी कर जनप्रतिनिधियों को जगाने का प्रयास किया। बच्चों का दो टूक कहना है कि जब तक उनके मोहल्ले में पक्की सीसी सड़क का निर्माण नहीं कराया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।

मासूम बच्चों के इस अनूठे प्रदर्शन को स्थानीय समाजसेवियों का भी पूरा समर्थन मिला। इस दौरान समाजसेवी ललित कुशवाहा, भगवानदास कुशवाहा, विनोद एवं हरिश्चंद्र ने बच्चों के साथ खड़े होकर शासन-प्रशासन से मांग की कि बच्चों के भविष्य और नागरिकों की सुविधा को देखते हुए इस दलदली मार्ग पर शीघ्र अति शीघ्र पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए।