कलवार घाट पर थमेगी हादसों की रफ्तार: ब्लाइंड स्पॉट पर पुलिस की पैनी नजर, एसपी ने बढ़ाई निगरानी

Advertisement
देवास ,हेमंत। गुर्जरदेवास जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष और ठोस पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर चरणबद्ध तरीके से सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कन्नौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत कलवार घाट एक प्रमुख एक्सीडेंट जोन और ब्लाइंड स्पॉट है। यहां डेढ़ से दो किलोमीटर के दायरे में स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं, खतरनाक मोड़ों पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं और पूरे घाट क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा गया है।
एसपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों का लाइव फीड थाने में उपलब्ध रहेगा, जिससे किसी भी दुर्घटना की सूचना तत्काल मिल सकेगी और त्वरित कार्रवाई संभव होगी। इसके साथ ही बड़े फ्लैश बोर्ड लगाए गए हैं तथा प्रतीकात्मक रूप से दुर्घटनाग्रस्त वाहन रखकर वाहन चालकों को सतर्कता का संदेश दिया जा रहा है।
इस पूरी व्यवस्था को थाना प्रभारी तहजीब काजी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन और एसडीओपी आदित्य तिवारी की टीम ने लागू किया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले के अन्य संवेदनशील और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


