सतना,अंबिका केशरी। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 5 में रहने वाले संतोष ताम्रकार के घर चोरी की घटना सामने आई है। जिस कमरे में उनके दो नाबालिग बच्चे सो रहे थे वहीं से 83 ग्राम सोने के आभूषण और 50 हजार नकदी बदमाश उठा ले गए। बताया जाता है कि संतोष ताम्रकार जनरल स्टोर एवं दोना कारखाना का संचालन करते हैं। घटना उस समय उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं और घर पर दोनों बच्चे और बाहर वाले कमरे में स्वयं मौजूद थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष ताम्रकार के दो बच्चे रोजाना सुबह करीब 5 बजे खेलने के लिए घर से बाहर चले जाते थे, लेकिन आज नहीं गए सुबह लगभग 7 बजे जब व्यापारी की नींद खुली तो हॉल का दरवाजा अंदर से बंद था। स्थिति संदिग्ध लगी। बीच वाला दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे बेटे शौर्य ने खोला। अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ मिला और एक डिब्बा गायब था।
जांच करने पर पता चला कि घर से करीब 83 ग्राम सोने के जेवरात और लगभग 50 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके हैं। घर की छत का दरवाजा खुला मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। सीढ़ियों में खाली डिब्बे पड़े मिले, जिससे स्पष्ट है कि चोरों ने आराम से सामान खंगाला और कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए।
मौके पर पहुंची जांच टीम
घटना की सूचना मिलते ही उचेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

