इंदौर,रविकांत वर्मा। इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आर्थिक तंगी से परेशान एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मामला परदेशीपुरा थाना क्षेत्र की गली नंबर 3 का है। मृतक की पहचान एकनाथ बाघ और उसकी पत्नी की पहचान रोहिणी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एकनाथ ने अपने दोनों बच्चों को दूध लेने के लिए बाहर भेज दिया। करीब 20 मिनट बाद जब बच्चे वापस लौटे तो घर का भयावह दृश्य देखकर सन्न रह गए।
घर के एक कमरे में पिता एकनाथ फंदे पर लटके हुए थे, जबकि घर के दूसरे हिस्से में मां रोहिणी का शव पड़ा हुआ था। घटनास्थल पर टूटी हुई चूड़ियां भी मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले दोनों के बीच विवाद हुआ होगा। घटना की सूचना मिलते ही परदेशीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
थाना प्रभारी, परदेशीपुरा
थाना प्रभारी के अनुसार मृतक एकनाथ मैकेनिक का काम करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से उसे काम नहीं मिल रहा था और वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। बताया गया कि उसने पैसों की जरूरत के चलते अपना मकान भी बेच दिया था।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।



