बक्सवाहा,राजू। बक्सवाहा क्षेत्र के गांवों में नल-जल योजना के तहत सप्लाई हो रहा पानी अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। ग्राम पंचायत गुगवारा में नलों से कीड़ेयुक्त और गंदा पानी निकलने की शिकायत सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
जनपद पंचायत बक्सवाहा के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुगवारा में नल-जल योजना की स्थिति बदहाल नजर आ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से नलों से गंदा और कीड़ेयुक्त पानी आ रहा है। मजबूरी में ग्रामीण इसी दूषित पानी का उपयोग कर रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार कंपनी L&T द्वारा पानी की टंकी और पाइपलाइन का नियमित रखरखाव नहीं किया जा रहा है।
“नल से गंदा पानी आ रहा है, उसमें कीड़े निकल रहे हैं, हम लोग मजबूरी में वही पानी पी रहे हैं, इससे बीमारी फैलने का डर है।”
मामले की शिकायत मिलने पर तहसीलदार भरत पांडे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच के निर्देश दिए। वहीं नल-जल योजना के इंजीनियर पुनीत पांडे का कहना है कि पाइपलाइन टूटने की वजह से यह समस्या सामने आई है, जिसे जल्द ही ठीक कराया जाएगा। “पाइपलाइन डैमेज होने के कारण गंदा पानी सप्लाई हुआ है, मरम्मत का कार्य जल्द कराया जाएगा।”
वहीं ठेकेदार कंपनी के उप प्रबंधक दीपक झरिया ने दावा किया है कि अज्ञात लोगों द्वारा पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया गया है।
फिलहाल ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्वच्छ पेयजल की जल्द व्यवस्था की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या का समाधान कब तक करता है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल मिल सके।

