हटा,जिमी नगरिया ।नगर में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में फूड इंस्पेक्टर राकेश कुमार द्वारा पटैल गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया, जहां वितरण प्रणाली और स्टॉक की विस्तृत जांच की गई। निरीक्षण के दौरान बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल रहा है या नहीं। एजेंसी के मैनेजर दिनेश पटेल से चर्चा कर गैस की उपलब्धता, स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली गई। फूड इंस्पेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी न हो और पारदर्शिता के साथ वितरण किया जाए।
मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से भी संवाद कर फीडबैक लिया गया। उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया गया कि क्षेत्र में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। फूड इंस्पेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि गैस सिलेंडर की अनावश्यक जमाखोरी न करें। जरूरत के अनुसार ही बुकिंग कराएं, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
फूड इंस्पेक्टर: “गैस की कोई कमी नहीं है, सभी उपभोक्ताओं को पर्याप्त सिलेंडर मिल रहे हैं। कृपया जमाखोरी न करें। गैस एजेंसी संचालक वैभव पटैल ने भी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल जरूरत के अनुसार ही गैस खरीदें और अनावश्यक जमाखोरी से बचें। उन्होंने कहा कि एजेंसी में गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में लगातार आ रहा है, इसलिए किसी भी तरह की अफवाहों में न पड़ें। प्रशासन ने साफ किया है कि गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी की जाएगी। यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

